देहरादून, 13 अक्टूबर। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच और इस मामले में सवालों के घेरे में रहे भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को गांधी पार्क में मौन उपवास एवं सत्याग्रह किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मौन सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा सीबीआई जांच में तेजी लाने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल एक बेटी की निर्मम हत्या का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, मातृशक्ति के सम्मान और प्रदेश की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड के इतने समय बाद भी कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब जनता को नहीं मिला है।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच की घोषणा की थी, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ पाई है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में कथित वीआईपी की सच्चाई सामने लाना सरकार की जिम्मेदारी है। दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि गंभीर आरोपों और सार्वजनिक रूप से उठ रहे सवालों का जवाब देना सरकार का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दुष्यंत कुमार गौतम को संवैधानिक पद का संरक्षण देकर भविष्य में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावनाओं से बचाने का प्रयास कर रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगे आरोपों की सत्यता का निर्धारण निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही होना चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उठ रही आवाजों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने से क्यों बच रही है।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड के प्रत्येक परिवार की बेटी थी और उसे न्याय दिलाना सभी का नैतिक दायित्व है। कांग्रेस की मांग है कि हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपों, तथ्यों और परिस्थितियों की पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संवैधानिक पदों की गरिमा सर्वोपरि है और ऐसे पदों पर नियुक्ति के समय सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता एवं नैतिकता के उच्च मानकों का पालन होना चाहिए। उन्होंने केन्द्र सरकार से दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देने तथा नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की मांग की।
गोदियाल ने कहा कि गांधी पार्क में आयोजित मौन उपवास केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और प्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी। अंकिता को न्याय मिलने तक कांग्रेस सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
इस अवसर पर मौन सत्याग्रह में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, लालचंद शर्मा, पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, महामंत्री अश्विनी बहुगुणा, राजेंद्र शाह, सुरेंद्र रांगड़, कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, सुजाता पॉल, जयेन्द्र रमोला, नवीन जोशी, याकूब सिद्दीकी, नीरज त्यागी, सोशल मीडिया चेयरमैन अभिनव थापर, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, यशपाल चौहान, ओम प्रकाश सती, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, गरिमा दसौनी, सोनिया आनंद, शीशपाल बिष्ट, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, सोमेंद्र बोरा, संजय कनौजिया, कुंवर सजवाण, कोमल बोरा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, डॉ. प्रदीप जोशी, उर्मिला थापा, भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहन लाल रतूड़ी, सुनित राठौर, मनवर सिंह, राजीव कुमार, महेंद्र सिंह नेगी, अनुसूचित जाति अध्यक्ष मदन लाल, स्वाति नेगी, सत्येंद्र पंवार, प्रीतम सिंह आर्य, विनोद कुमार, अजय रावत, राजीव केशववाल, आनंद बहुगुणा, आशा शर्मा, प्रणिता बडोनी, अखिलेश उनियाल, शईद हसन, युद्धवीर पंवार, वीरेंद्र पंवार, सचिन गुप्ता, प्रदीप थपलियाल, उपेंद्र थापली, ललित भद्री, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, रितेश क्षेत्री, अशोक शर्मा, बलवीर पंवार, श्याम लाल आर्य, गुल मोहम्मद, लाखीराम बिजलवाण, टीटू शर्मा, विजयप्रताप मल्ल,सुशील डोभाल,सुलेमान अली, अमरदेव गोनियाल,अनूप कपूर,नरेशानंद नौटियाल, सूरज क्षेत्री,करतार नेगी,सचिन टिचकुले, शोभाराम, आदर्श सूद, मदन कोहली, अनूप सक्सेना, शरीफ बेग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।