देहरादून, 09 अप्रैल। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण से पहले प्रशासन अलर्ट मोड में है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं।
आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक के पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित कर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री के स्वागत में हजारों लोग सड़क किनारे जुटेंगे। इसे देखते हुए पेयजल, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां आमजन के लिए पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, हल्के जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पूरे रूट पर स्थानीय सांस्कृतिक दलों द्वारा लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। गौरतलब है कि 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर में प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण प्रस्तावित है। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।