विकासनगर । उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत देहरादून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध चरस और स्मैक बरामद करने के साथ एक कार भी जब्त की है।
पहली कार्रवाई कोतवाली विकासनगर पुलिस ने की। पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को कैनाल रोड स्थित त्यागी फार्म हाउस से करीब 400 मीटर आगे एक अल्टो के10 कार (संख्या HP08A9150) की तलाशी ली गई। वाहन से 419.3 ग्राम अवैध चरस बरामद होने पर हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी बृजलाल (51) और दिनेश (39) को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली गई। दोनों के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में मुकदमा अपराध संख्या 362/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
दूसरी कार्रवाई थाना सेलाकुई पुलिस ने 25 नवंबर को रामसावाला क्षेत्र में की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने सहसपुर के लक्ष्मीपुर चांचक निवासी मोहम्मद अजमल (34) को 7.35 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना सेलाकुई में मुकदमा अपराध संख्या 173/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।