रिपोर्टर सुमित कंसल मसूरी
पुलिस व प्रशासन टैक्सी स्कूटी हटाने में नाकाम, निर्णय पर उठ रहे सवाल।
मसूरी। पर्यटन नगरी में सीजन के दौरान पर्यटकों के हित में लिए गये निर्णयों का पालन न किया जाना पुलिस व प्रशासन की कमी का द्योतक है यहीं कारण है कि जो निर्णय बैठकों में लिए जाते हैं उसे धरातल पर नहीं लाया जाता जिसके कारण व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं।
सीजन से पूर्व पुलिस व प्रशासन के बड़े अधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया था कि शहीद भगत सिंह चौक से लंढौर जाने वाले मार्ग पर टैक्सी स्कूटियां खड़ी नहीं की जायेगी। लेकिन इस निर्णय को अमल में नहीं लाया गया। एक दो दिन मात्र खानापूर्ति के लिए पुलिस ने कार्रवाई की व स्कूटियों के जब्त किया लेकिन उसके बाद स्थिति जस की तस हो गई। जिसके कारण लंढौर रोड पर आये दिन जाम लगता है। जबकि रोड के किनारे बड़े बड़े अक्षरों में नो पार्किग लिखा गया। लेकिन उसी के नीचे टैक्सी स्कूटियों की पार्किंग पुलिस व प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ा करती है वहीं पुलिस व प्रशासन के ये बोर्ड हंसी का पात्र बन रहे हैं। सवाल उठता है कि आखिर पुलिस व प्रशासन इस तरह की लापरवाही जान बूझ कर करता है या इसके पीछे कोई अन्य कारण हैं। जब एक बार निर्णय लिया गया कि इस क्षेत्र में टैक्सी स्कूटी की पार्किंग नहीं होगी तो इस पर अमल क्यों नहीं किया जा रहा। इससे प्रशासन व पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजमी है।